नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के बियाड़ा स्थित शांता नर्सिंग इंस्टीट्यूट में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सेस दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में संस्थान की चेयरपर्सन डॉ. शोभा रानी सिन्हा, जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन, वाइस प्रिंसिपल ज्योत्स्ना, शिक्षिका अर्चना भारती एवं अवनीश शर्मा सहित संस्थान की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नर्सिंग सेवा से संबंधित प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।

संस्थान की चेयरपर्सन डॉ. शोभा रानी सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं और मरीजों की देखभाल में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने छात्राओं को ईमानदारी, अनुशासन एवं करुणा के साथ मरीजों की सेवा करने की प्रेरणा दी।
जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने छात्राओं को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया।
वाइस प्रिंसिपल ज्योत्स्ना एवं शिक्षिका अर्चना भारती ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए नर्सिंग शिक्षा एवं सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।