नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। बाइपास थाना क्षेत्र के कजरैली रोड के समीप तेज रफ्तार यात्री बस और बाइक की सीधी टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज गंगटी निवासी अंशु कुमार (18), सावन कुमार (17) और हबीबपुर दाउदबाट निवासी आशुतोष कुमार पासवान (18) के रूप में हुई है।
बताया गया कि तीनों दोस्त शनिवार की देर शाम अंशु की नई पल्सर एन-160 बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीरोमाइल की ओर जाने के दौरान सामने से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अंशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सावन और आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आशुतोष को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) और सावन को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। रविवार को ट्रैफिक थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बाइपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों के परिजनों ने अस्पताल में बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिलने पर सवाल उठाए हैं।
अंशु कुमार मीरजान हाईस्कूल में इंटर का छात्र था। आशुतोष मुस्लिम कॉलेज में बीए पार्ट वन में पढ़ता था, जबकि सावन कुमार इंटर का छात्र था। परिजनों के अनुसार, तीनों अपने-अपने परिवारों के सबसे छोटे बेटे थे। हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा है।