जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के सतत अनुश्रवण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग से कार्य में आई तेजी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले में जनगणना 2027 अंतर्गत हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस (HLB) कार्य निरंतर प्रगति पर है। जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी अभिलाषा शर्मा के सतत मार्गदर्शन, नियमित समीक्षा एवं क्षेत्रीय अनुश्रवण के फलस्वरूप जिले में मकान सूचीकरण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
दिनांक 23.05.2026 तक प्राप्त प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार जिले में कुल 5189 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLBs) निर्धारित हैं, जिनमें से 5104 HLBs का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिले की समग्र प्रगति 98.36 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि वर्तमान में शेष 85 HLBs में कार्य प्रगति पर है।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार कई प्रखंडों एवं नगर निकायों में अत्यंत संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई है। दाउदनगर नगर परिषद, देव, मदनपुर एवं जम्होर नगर पंचायत तथा गोह, रफीगंज, बारुण एवं नवीनगर प्रखंडों में 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं कुटुंबा, हसपुरा, दाउदनगर एवं देव प्रखंडों में 99 प्रतिशत से अधिक कार्य संपन्न हो चुका है।
जिला पदाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को निर्देश दिया है कि शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है तथा इसमें शत-प्रतिशत शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है।