भारत की जनगणना 2027 से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारत की जनगणना 2027 से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश तथा जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मिलित हुए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव द्वारा हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग (HLB), जियो टैगिंग एवं सीमांकन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही स्व-गणना (Self Enumeration) प्रपत्र भरने की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव द्वारा निर्देशित किया गया कि स्व-गणना की प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के माध्यम से आम जनों को व्यापक रूप से जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना प्रपत्र भर सकें।
इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार्ज पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को चिन्हित कर उन्हें पुरस्कृत किया जाए, ताकि अन्य संबंधित कार्मिकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मुख्य सचिव से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जनगणना 2027 से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना कार्य का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।