नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार के गया रेलवे जंक्शन पर अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत रेल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक संदिग्ध यात्री को रोका और जब उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो भीतर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
बैग से करीब 14.835 किलोग्राम चांदी के गहने और टुकड़े बरामद किए गए, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है। रेल थाना प्रभारी बनारसी यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यार्ड में नियमित गश्त कर रही थी।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक युवक पीठ पर भारी बैग टांगकर तेजी से बाहर की ओर निकलता दिखा। उसकी हड़बड़ाहट और चाल-ढाल देखकर जवानों को संदेह हुआ और उसे रोक लिया गया। पश्चिम बंगाल के रहने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए आयकर विभाग, पटना को सूचित कर दिया गया है।