नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद के निदेशानुसार शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए जाने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 एवं थानाध्यक्ष यातायात द्वारा संयुक्त भ्रमण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रमेश चौक से लेकर नवाडीह मोड़ तक सड़क किनारे अस्थायी ठेला लगाए जाने के कारण लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिन्हें सर्विस लेन में शिफ्ट कराए जाने की आवश्यकता है।

साथ ही रमेश चौक से नवाडीह मोड़ तक के सर्विस लेन में पूर्ण रूप से अतिक्रमण पाया गया, जिसे हटाने हेतु नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। इसी क्रम में रमेश चौक से धोली सती के बीच डिवाइडर में बने दो कट को स्थायी रूप से बंद किए जाने की आवश्यकता जताई गई। रमेश चौक पर कुछ दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने हेतु नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को भी निर्देशित किया गया।
रमेश चौक पर ऑटो एवं टोटो के बेतरतीब ढंग से खड़े होने के कारण भी जाम की स्थिति बनी रहती है। इसको देखते हुए संयुक्त टीम द्वारा निर्णय लिया गया कि रमेश चौक स्थित कार एवं मोटरसाइकिल पार्किंग के एक हिस्से में ऑटो का नियत पार्किंग स्थल बनाया जाए, जहां से ही ऑटो चालक यात्री उठाएंगे एवं उतारेंगे।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि एमजी रोड बाईपास अंडरपास के पास बड़ी गाड़ियों के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। स्थल निरीक्षण में पाया गया कि महिंद्रा शोरूम की ओर से सर्विस लेन से आने वाली बड़ी गाड़ियों का आवागमन अंडरपास के कोने पर बने यात्री शेड के कारण बाधित हो रहा है।
रामाबांध बस स्टैंड में बसों द्वारा सड़क पर पार्किंग किए जाने से भी जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसे निरंतर नियंत्रित करते हुए अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने हेतु यातायात थाना को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही रामाबांध से बाईपास के बीच अस्थायी बैरिकेटिंग कर सड़क को टू-वे किए जाने का भी निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया, ताकि ओवरटेकिंग के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सके।

पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु एक स्थायी मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो और जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।