नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय रेड क्रॉस समिति, औरंगाबाद एवं जूनियर रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में किशोरी सिन्हा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, औरंगाबाद में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, एनीमिया की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भारतीय रेड क्रॉस समिति, औरंगाबाद के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जूनियर रेड क्रॉस के अध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, रेड क्रॉस एवं जूनियर रेड क्रॉस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
शिविर के दौरान छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, मानसिक स्वास्थ्य तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को सलाह दी गई कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें और आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों, शिक्षकों अथवा चिकित्सकीय विशेषज्ञों से परामर्श लें।
इस दौरान करीब 200 छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद छात्राओं को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय रेड क्रॉस समिति, औरंगाबाद के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य एवं मानवीय सहायता पहुंचाना है। छात्राओं के लिए आयोजित इस तरह के स्वास्थ्य शिविर उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जूनियर रेड क्रॉस के अध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा कि विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता विकसित करना जूनियर रेड क्रॉस की महत्वपूर्ण गतिविधियों में शामिल है। ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई। विद्यालय प्रशासन ने भारतीय रेड क्रॉस समिति एवं जूनियर रेड क्रॉस के सहयोग से आयोजित शिविर को छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव दीपक कुमार, कोषाध्यक्ष शिव गुप्ता, प्रबंध एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्य पिंटू गुप्ता, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिन्नी बाला, पंकज कुमार, राजीव पांडेय, रामाधार कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार, सदर अस्पताल औरंगाबाद के स्वास्थ्य प्रबंधक शाहीन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।