सड़क पर ढाई फीट पानी, कई गांवों से टूटा संपर्क, ग्रामीणों ने नाव और सामुदायिक किचन की मांग की
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से पुनपुन प्रखंड के कई पंचायत बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार नदी का जलस्तर 53.28 मीटर दर्ज किया गया है। बरावा पंचायत के छोटकी सपहुआं गांव की स्थिति सबसे अधिक खराब है। गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गया है और सड़क पर करीब ढाई फीट पानी चढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार छोटकी सपहुआं, बड़की सपहुआं, उड़ान टोला और नुसरतपुर के बीच संपर्क टूट गया है। लोग घरों से बाजार तक नहीं निकल पा रहे हैं, जिससे खाने-पीने और राशन को लेकर परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सरकार से सामुदायिक किचन, नाव और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
पूर्व विधायक गोपाल रविदास एवं पूर्व मुखिया जयप्रकाश ने कहा कि सपहुआं गांव का संपर्क टूटने से लोगों का जीवन कठिन हो गया है। सरकार अविलंब नाव की व्यवस्था करे और सामुदायिक किचन शुरू कराए। उन्होंने माचिस, मोमबत्ती एवं पेयजल उपलब्ध कराने की भी मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण घरों में जहरीले सांप-बिच्छू निकल रहे हैं, जिससे लोग रात-रात भर जागने को विवश हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।