नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश के आलोक में आज सुनंदा कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, औरंगाबाद के नेतृत्व में रमेश चौक के समीप हेलमेट जांच, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों एवं नाबालिगों द्वारा वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता सुनिश्चित करना था।
अभियान के क्रम में बिना पंजीकरण एवं नाबालिगों द्वारा परिचालित कुल 12 ई-रिक्शा को जप्त किया गया। इसके अतिरिक्त बिना हेलमेट वाहन चला रहे दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया।
जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 47,500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर संचालित किए जाएंगे तथा नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सभी मोटरयान निरीक्षक, औरंगाबाद एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षक, औरंगाबाद उपस्थित थे।