नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। डीएवी पब्लिक स्कूल, कैनरी हिल रोड, हजारीबाग में डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026–27 का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न डीएवी पब्लिक स्कूलों से आए 600 से अधिक प्रतिभागी-खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस द्विदिवसीय प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, शतरंज एवं योग जैसे खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जो युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रही है।

उद्घाटन समारोह का प्रारंभ विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों के मार्च-पास्ट के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के सांस्कृतिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा डीएवी गान प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर डीएवी सीएमसी के पर्यवेक्षक एवं डीएवी पब्लिक स्कूल (जूनियर विंग), हजारीबाग के प्राचार्य विवेकानंद चौधरी, जिला वॉलीबॉल संघ, हजारीबाग के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स ऑफिशयल अनवर हुसैन, जिला वॉलीबॉल संघ, हजारीबाग के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यदेव सिंह तथा जिला वॉलीबॉल संघ, हजारीबाग के कोषाध्यक्ष रमेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मेज़बान प्राचार्य डीएवी पब्लिक स्कूल (सीनियर विंग), हजारीबाग के डॉ. रजनीश कुमार थे।
यह क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आगामी दिनों में रोमांचक मुकाबलों की साक्षी बनेगी तथा विद्यार्थियों में आपसी सौहार्द, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, खेल भावना एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।