सुपर ओवर में बंदियों ने कारा प्रशासन को 2 रन से हराया
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। गांधी जयंती के अवसर पर उपकारा मसौढ़ी में कारा प्रशासन और बंदियों के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांच से भरपूर यह मुकाबला निर्धारित ओवरों के बाद टाई हो गया, जिसके बाद सुपर ओवर में बंदियों की टीम ने कारा प्रशासन की टीम को 2 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कारा प्रशासन की टीम की कप्तानी उपाधीक्षक गौतम कुमार ने की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कारा प्रशासन की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 74 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान गौतम कुमार ने 32 रन, सिपाही अमरेंद्र कुमार ने 18 रन और गोपी सिंह ने 13 रन का योगदान दिया। बंदियों की ओर से गेंदबाजी करते हुए विनीत कुमार ने तीन तथा दीपू कुमार ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंदियों की टीम ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर दो रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया। बंदी टीम की ओर से विनीत कुमार ने 24 रन, कप्तान दीपू कुमार ने 21 रन और आशीष कुमार ने 18 रन बनाए। कारा प्रशासन की ओर से अमरेंद्र कुमार ने चार विकेट, गोपी सिंह ने दो तथा विवेकानंद ने एक विकेट लिया।
मैच टाई होने के बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। बंदियों की टीम ने सुपर ओवर में कारा प्रशासन के सामने 13 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में कारा प्रशासन की टीम 10 रन ही बना सकी। इस तरह बंदियों ने रोमांचक मुकाबले को 2 रन से जीत लिया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस खेल प्रतियोगिता से उपकारा में बंदियों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल रहा। बंदियों और कारा प्रशासन के कर्मियों ने पूरे मुकाबले का आनंद लिया। आयोजन के माध्यम से खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ बंदियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और आपसी सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।