जीआरपी, एसआईटी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 24 घंटे में नितिन की भी हुई बरामदगी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दानापुर। दानापुर रेल पुलिस ने दानापुर रेल मंडल और आर.डीडीयू रेलखंड पर यात्रियों को कथित तौर पर चलती ट्रेन से नीचे फेंकने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रेल पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित तिवारी (25 वर्ष), निवासी बारिशवन, शाहपुर, भोजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर आरा-जगजीवन स्टेशन के समीप से 21 वर्षीय नितिन कुमार को बरामद कर लिया गया। नितिन कुमार वैशाली जिले के चांद सराय का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक नितिन हैदराबाद में मजदूरी करता था और ट्रेन संख्या 07091 दानापुर स्पेशल से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान उसके साथ घटना होने की बात सामने आई।
मामले में नितिन के पिता मुकेश राय ने बक्सर रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया था कि अपराधियों ने पैसे की लालच में उनके बेटे का अपहरण कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी पटना अनंत कुमार राय के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई।
दानापुर रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में जीआरपी दानापुर इंस्पेक्टर अजय कुमार, सुधीर कुमार सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, कुंदन कुमार, सब इंस्पेक्टर विकास कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस के अनुसार, लगातार की गई छानबीन के बाद घटना के महज 24 घंटे के भीतर रोहित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने नितिन कुमार को भी बरामद कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित घटना में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा क्या इसी तरह की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया गया है। रेल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।