एक ही परिवार की दो सगी बहनों समेत तीन की गई जान, सभी शव बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कहलगांव (भागलपुर)। पीरपैंती इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने रक्षाबंधन की खुशियों को मातम में बदल दिया। नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से तीन किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार की दो सगी बहनें भी शामिल हैं। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों के शव बरामद कर लिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीरपैंती प्रखंड के श्रीमतपुर गोपालीचक पंचायत स्थित दखली टोला के मरगंग घाट पर शुक्रवार को तीन किशोरियां नहाने गई थीं। इसी दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों डूब गईं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों में मुन्ना पासवान की दो बेटियां करिश्मा कुमारी (18) और चंदा कुमारी (16) शामिल हैं। इनके साथ नानी के घर आई 8 वर्षीय अभिलाषा कुमारी भी नदी में डूब गई। अभिलाषा के पिता का नाम अरविंद पासवान बताया गया है और वह कहलगांव के कुशापुर शोमनाथपुर की रहने वाली थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर किशोरियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दो शव बरामद कर लिए गए, जबकि एक किशोरी के लापता होने की सूचना प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलने पर पीरपैंती के अंचलाधिकारी चंद्रशेखर कुमार और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तलाशी अभियान चलाया। काफी देर तक चले अभियान के बाद तीसरी किशोरी का शव भी बरामद कर लिया गया।
इस हादसे ने मुन्ना पासवान के परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। दोनों सगी बहनें करिश्मा और चंदा एक साथ स्नान करने गई थीं, लेकिन दोनों की जान चली गई। वहीं अपनी नानी के घर आई अभिलाषा भी उनके साथ नहाने गई थी और हादसे में उसकी भी मौत हो गई।
तीनों के शव मिलने के बाद घाट पर परिजनों और ग्रामीणों के बीच मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।