नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। शहर के डिमना लेक में गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान समीर और सक्षम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीन दोस्त घूमने के लिए डिमना लेक पहुंचे थे। इसी दौरान किसी कारणवश समीर और सक्षम गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ मौजूद तीसरे साथी ने किसी तरह बाहर निकलकर कॉलेज पहुंचकर घटना की सूचना दी।
रात का समय होने और अंधेरा अधिक होने के कारण तत्काल राहत एवं खोज अभियान चलाना संभव नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह पुलिस और बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके बाद दोनों युवकों के शव डिमना लेक से बरामद कर लिए गए।
घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे डूबने से हुई दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।