20 लाख रुपये से अधिक के गहने, 15 हजार नकद और नातिनों के पैसों से भरे दो गुल्लक ले उड़े चोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने सेवानिवृत्त टाटा मोटर्स कर्मी शमशेर खान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोर घर के पीछे स्थित शौचालय के वेंटिलेटर से अंदर घुसे और दरवाजे तोड़कर अलमारी में रखे 20 लाख रुपये से अधिक के सोने के गहने, 15 हजार रुपये नकद और नातिनों के पैसों से भरे दो गुल्लक लेकर फरार हो गए। शमशेर खान ने बताया कि वह 24 अक्टूबर की शाम मानगो स्थित श्रीनाथ होम फ्लैट गए थे, जहां उनका दूसरा घर है। वह अपने बेटों से मिलने गए थे और 25 अक्टूबर को भी वहीं रुके रहे। इसी दौरान चोरों ने उनके टेल्को स्थित घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने घर के पीछे स्थित शौचालय के वेंटिलेटर से प्रवेश किया। इसके बाद पीछे का दरवाजा और अंदर का एक अन्य दरवाजा तोड़कर अलमारी से सोने के दो कंगन, पांच सोने की बालियां, 10 से 12 नोज पिन, जिनमें एक हीरे की नोज पिन भी शामिल थी, और सोने की एक चेन चोरी कर ली। चोर नकदी और बच्चियों के गुल्लक भी अपने साथ ले गए।
पीड़ित ने बताया कि उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं और उनकी दोनों नातिनें इसी घर में रहती हैं। घटना की सूचना मिलने पर टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।