पल्सर बाइक और दो मोबाइल जब्त, एक आरोपी पर पहले से एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 375 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जब्त स्मैक की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को पटना-मसौढ़ी एनएच-22 पर गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुनपुन के अंचलाधिकारी भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। शाम करीब 6:40 बजे पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर एसएनएम कॉलेज की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पीठू बैग से पांच पुड़िया में रखी कुल 375 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। अंचलाधिकारी की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर सील किया गया। मामले में पुनपुन थाना कांड संख्या 372/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-द्वितीय आशीष राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नौआबाग गांव निवासी बैजू कुमार (22), पिता सतीश प्रसाद, और जहानाबाद जिले के सिकरिया ओपी क्षेत्र के मुसापर गांव निवासी सनी कुमार (21), पिता बालदेव सिंह, के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बैजू कुमार के खिलाफ पहले भी मसौढ़ी थाना कांड संख्या 794/24 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज है। पुलिस अन्य थानों से भी दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को स्मैक कहां से मिलती थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में पुनपुन थानाध्यक्ष बमबम कुमार, अपर थानाध्यक्ष तफजीज अहमद, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, डीआईयू सेल पटना के पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।