नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह के कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन शिक्षा, साहस, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारत की एकता, सम्मान और प्रगति के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। वे एक उत्कृष्ट शिक्षाविद्, दूरदर्शी विचारक और राष्ट्रनिष्ठ नेता थे, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दिया तथा देशहित को सर्वोपरि रखा। विधायक ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के कार्य में निरंतर जुटी हुई है।
पूर्व जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने कहा कि भारत के प्रथम उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने औद्योगिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने पारंपरिक उद्योगों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। बंगाल अकाल के दौरान उनके मानवीय प्रयासों ने लाखों पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी की राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा और भारत की अखंडता के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
जिला मीडिया प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उद्घोष करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और अखंड भारत के संकल्प को समर्पित रहा। उनके आदर्श, त्याग और बलिदान देश के प्रत्येक नागरिक के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
सभा में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उनके सिद्धांतों एवं आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह, सुनील सिंह, विनोद सिंह, टूना प्रसाद गुप्ता, चंदन कुमार सिंह, उदय सिंह, भरत सिंह, रामरूप सिंह, राकेश सिंह, आलोक कुमार, विनोद शाह, रामलाल पासवान, सुजीत सिंह, पप्पू कुमार सिंह, दिवाकर मिश्रा सहित पार्टी के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।