मोदी सरकार के 25 साल पूरे होने पर भाजपा चलाएगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’, पटेल बोले- आने वाला समय भाजपा का
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह प्रभारी निवेदिता सिंह व सौरव सिंह, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास व अर्जुन मुंडा, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व सांसद दीपक प्रकाश, संगठन महामंत्री पवन साय, कर्मवीर सिंह, रविंद्र राय, प्रदीप वर्मा और अमर कुमार बाउरी समेत कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश के सभी जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा का संकल्प दिलाया जाएगा और केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

पटेल ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। उन्होंने झारखंड की जेएमएम, कांग्रेस और राजद गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान जिन विकास योजनाओं और मुद्दों का वादा किया गया था, उनका अपेक्षित काम धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। जनता परेशान है और राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने जमीन, जंगल और खनिज की लूट का भी आरोप लगाया।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा समय-समय पर आंदोलन के माध्यम से सरकार को आईना दिखाती रही है। उन्होंने घुसपैठ को झारखंड की बड़ी समस्या बताते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है और घुसपैठिये सरकार का अहम हिस्सा बन गए हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। झारखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राज्य है। पार्टी पहले भी राज्य में सत्ता में रहकर विकास कार्य कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाला समय भाजपा का होगा।