नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पिछले 48 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मसौढ़ी शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। मंगलवार देर शाम से शुरू हुई बारिश के बाद शहर के कई गली-मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। महज करीब एक घंटे की तेज बारिश के बाद कई सड़कें तालाब और झील जैसी नजर आने लगीं।
शहर के स्टेशन रोड, मणीचक रोड सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होने से पैदल राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे खराब स्थिति मसौढ़ी स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पास बनी हुई है, जहां सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया है। इससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।
इसके अलावा संगतपर पुरानी बाईपास रोड और मणीचक की निर्माणाधीन सड़क भी जलमग्न हो गई है। इन सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाई हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में नाले-नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं रहने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती है। लगातार बारिश के कारण दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से जलजमाव वाले इलाकों में तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने तथा नाले-नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को परेशानी से राहत मिल सके।