नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पाकुड़। जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और खनन निरीक्षक नवीन कुजूर ने हिरणपुर अंचल स्थित रानीपुर चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रानीपुर चेक पोस्ट के समीप पेट्रोल पंप के सामने स्टोन चिप्स का अवैध परिवहन करते हुए एक हाईवा को पकड़ा गया। जांच के क्रम में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को जब्त कर लिया गया। जब्त हाईवा को आगे की कार्रवाई हेतु हिरणपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।