गंगा स्नान के दौरान हादसा, बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। हाथीदह थाना क्षेत्र के रामटोला चिमनी गंगा घाट पर शुक्रवार को जिउतिया पर्व के नहाय-खाय के दिन गंगा स्नान के दौरान हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान करण कुमार, पिता सतीश मलिक के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि करण कुमार शुक्रवार करीब 11 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने रामटोला चिमनी घाट पहुंचा था। स्नान के दौरान सभी किशोर गहरे पानी की ओर चले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार नगीना महतो ने दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक अन्य किशोर दीवार पकड़कर किसी तरह बाहर निकल आया। इसी दौरान करण गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर आलमगीर को तलाश अभियान में लगाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर की मदद से करण को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जिउतिया पर्व पर माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। पर्व के नहाय-खाय के दिन ही बेटे की मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि करण के पिता सतीश मलिक दिव्यांग हैं।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।