नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार जिले में भारी वर्षा एवं जलजमाव से प्रभावित क्षेत्रों में आमजनों को त्वरित एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार के नेतृत्व में रफीगंज एवं गोह प्रखंड के विभिन्न जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया।
रफीगंज प्रखंड के बरपा, मिश्र बिगहा एवं अंच्छा तथा गोह प्रखंड के खुदवाँ एवं घेजना में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की चिकित्सकीय जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा विशेष रूप से जलजमाव के कारण उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए डायरिया, बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा संबंधी रोग, एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई तथा आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में मरीजों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से भी जांच की गई, ताकि संदिग्ध मामलों की समय पर पहचान कर उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके। गंभीर अथवा विशेष चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता वाले मरीजों को बेहतर उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में जाने की सलाह भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को जलजमाव की स्थिति में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, भोजन को ढककर रखने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलजमाव वाले दूषित पानी के संपर्क से बचने तथा किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के संबंध में जागरूक किया गया।
साथ ही लोगों को डायरिया एवं अन्य जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की गई।
जिला प्रशासन द्वारा भारी वर्षा एवं जलजमाव की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा आमजनों को आवश्यक राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रतिकूल मौसम एवं जलजमाव की स्थिति में प्रभावित लोगों तक त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक दवाएं पहुंचाई जा सकें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति का समय पर प्रबंधन सुनिश्चित हो।
उक्त स्वास्थ्य शिविर में सिविल सर्जन औरंगाबाद, डीपीएम स्वास्थ्य मोहम्मद अनवर आलम, जिला आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।