नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज (औरंगाबाद)। रफीगंज-गोह मुख्य मार्ग पर भाम मोड़ के समीप शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार मुर्गी लदे टेंपो और गाय लेकर जा रहे पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धंधवा गांव निवासी मोहम्मद अजीज (22 वर्ष) तथा अरवल जिले के कलेर थाना क्षेत्र के हृदयचक गांव निवासी मोहम्मद दिलनवाज खान उर्फ भोला (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं अरवल जिले के हृदयचक गांव निवासी मोहम्मद अदनान तथा मेहंदिया थाना क्षेत्र के नारायण बिगहा गांव निवासी पिंटू कुमार उर्फ मंटू कुमार (33 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों एवं पुलिस की सहायता से रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, एएसआई राकेश राय, पीटीसी विपिन यादव, डायल-112 की टीम तथा एम्बुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य चलाया और यातायात को सुचारु कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या BR-45G-4654 पर सवार लोग धंधवा से गोह की ओर गाय लेकर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे मुर्गी लदे टेंपो संख्या BR-22PA-3477 से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद पिकअप वाहन पर सवार दो अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर डॉ. तुलसी यादव, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष हरेंद्र कुमार तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्र को चिह्नित कर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की।
इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।