नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया स्टेट हाईवे पर स्थित धनरूआ में बुधवार रात करीब 9 बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकानदार से लूटपाट की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना पभेड़ी मोड़ के समीप प्रखंड कार्यालय के पास हुई, जहां तीन अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर दुकानदार से नकदी और अन्य सामान लूट लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनरूआ बाजार निवासी दीपक कुमार की पभेड़ी मोड़ पर ‘वैष्णवी ज्वेलर्स’ नामक दुकान है। वे रोज की तरह बुधवार रात दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने दीपक को रोकते ही मारपीट शुरू कर दी और पिस्तौल उनके कान के पास सटाकर बैग छीन लिया। बैग में करीब 15 हजार नकद सहित अन्य सामान रखा था। अपराधियों ने उनकी बाइक की चाबी भी छीन ली और हथियार लहराते हुए मसौढ़ी की ओर फरार हो गए। पूरी वारदात महज तीन मिनट में अंजाम दी गई।
घटना के समय मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन हथियार के डर से कोई भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। वारदात के बाद इलाके के दुकानदारों में भय का माहौल बन गया और कई लोगों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं।
मामले को लेकर प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश साह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।