बाढ़ के पानी के साथ गांव में पहुंचा था जंगली सूअर, अस्पताल ले जाने के दौरान नाव खराब होने से बढ़ी परेशानी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दानापुर। दियारा क्षेत्र के हेतनपुर गांव में शनिवार की अहले सुबह बाढ़ के पानी के तेज बहाव के साथ आए जंगली सूअर ने घर में घुसकर सात वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन नाव से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में नाव खराब हो गई। एसडीआरएफ टीम की मदद से उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्ची की पहचान दाउदपुर निवासी संजय राय की सात वर्षीय पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रक्षाबंधन के अवसर पर राधा अपनी मां के साथ हेतनपुर स्थित ननिहाल आई थी।
पूर्व मुखिया कन्हाई राय के अनुसार, शनिवार की सुबह बाढ़ के पानी के बहाव के साथ एक जंगली सूअर गांव में पहुंच गया और स्वर्गीय छेदी राय के घर में घुस गया। इसी दौरान उसने राधा पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
परिजन और ग्रामीण उसे नाव से दानापुर की ओर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में नाव खराब हो गई। सूचना मिलने पर पूर्व मुखिया कन्हाई राय एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्ची को परिवार के साथ अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी मातम पसरा है।