आईआरएस अधिकारी नीसा उरांव ने युवाओं से सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर सजग रहने की अपील की
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से सोमवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में ‘मातृ वंदन नारी शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईआरएस अधिकारी नीसा उरांव शामिल हुईं। इस दौरान एबीवीपी की केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य कुमारी दिशा गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्राएं और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं और छात्राओं को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले विभिन्न कंटेंट और युवाओं के बीच बन रहे अलग-अलग नैरेटिव को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को अपने अधिकारों के साथ संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने की जरूरत है।

मुख्य अतिथि नीसा उरांव ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने कई सामाजिक चुनौतियां हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से अलग-अलग तरह के कंटेंट लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में युवाओं को सही और गलत के बीच अंतर समझने तथा सूचनाओं को परखकर स्वीकार करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी और बदलते दौर में जागरूकता की आवश्यकता पर भी विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक और सशक्त महिलाएं समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।