नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। केंद्र सरकार ने बिहार एवं झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार तथा अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया के बिहार-झारखंड स्टेट कोऑर्डिनेटर विनय कुमार को उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), झारखंड की कंसलटेटिव कमिटी का सदस्य मनोनीत किया है।
इस समिति के अध्यक्ष गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे हैं। मंत्रालय के अवर सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विनय कुमार को आगामी दो वर्षों के लिए भारतीय खाद्य निगम, झारखंड की कंसलटेटिव कमिटी का सदस्य बनाया गया है।
गौरतलब है कि विनय कुमार करीब चार दशक से बिहार एवं झारखंड में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कई दैनिक समाचार पत्रों के अलावा राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया एवं हिंदुस्थान समाचार में ब्यूरो प्रमुख तथा विशेष संवाददाता के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
इसके पूर्व भी वे केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा इस्पात मंत्रालय समेत विभिन्न मंत्रालयों की कई समितियों के सदस्य रह चुके हैं और अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
विनय कुमार ने सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन को भी पत्रकार के रूप में कवर किया था। अपनी नियुक्ति पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि विनय कुमार मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत खैरा गांव के निवासी हैं।