प्लेटफॉर्म पर अकेले मिला बच्चा, पूछताछ में सिर्फ मां का नाम बता सका
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा रेल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार को प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर भटक रहे आठ वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बरामद कर बाल गृह भेज दिया। बच्चे को बाल संरक्षण पदाधिकारी एसआई रंजीत कुमार निषाद ने प्लेटफॉर्म पर अकेले भटकते हुए देखा।
इसके बाद बच्चे को रेल थाना लाकर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बच्चा अपनी मां का नाम आरती ही बता सका। वह अपने घर, पिता और अन्य परिजनों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की।
मोकामा रेल थानाध्यक्ष प्रसिद्ध कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे की चिकित्सकीय जांच ट्रॉमा सेंटर में कराई गई। इसके बाद बिहार सरकार के बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित बाल गृह ‘अपना घर’, पुनाईचक भेज दिया गया।
रेल पुलिस अब बच्चे के परिजनों की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाने के साथ बच्चे के बताए विवरण के आधार पर उसके परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।