नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के बैरागीबाग गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोरहर नदी में नहाने गया एक युवक गहरे पानी में चले जाने से डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान निरंजन कुमार उम्र 32 वर्ष पिता धर्मेंद्र मांझी ग्राम बैरागीबाग के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि निरंजन रोज की तरह सुबह नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह पानी में समा गया।

कुछ देर बाद नदी में शव को तैरते देख लोगों ने हो-हल्ला किया और उसे बाहर निकाला। बाहर निकालने पर उसकी पहचान बैरागीबाग निवासी निरंजन के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
इधर घटना की जानकारी मिलने पर खेत मजदूर सभा के नेता संजय पासवान और नागेश्वर पासवान परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा और सहायता राशि देने की मांग की है।