औरंगाबाद पहले 20 मिनट में पहुंचा जाता था अब लगता है 40 से 50 मिनट
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। जिले का सबसे महत्वपूर्ण सड़क एनएच 139 अब चीथड़ों में बंट चुकी है। वाहन तो दूर अब इस पर पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने तो इस सड़क को बना रहा है न हीं इसका चौड़ीकरण करवाने में दिलचस्पी ले रहा है। सड़क को बनाए हुए लगभग पांच वर्ष से अधिक हो गया है पर इस पर किसी की निगाह नहीं है। उक्त सड़क से अंबा से औरंगाबाद पहले 20 मिनट में पहुंचा जाता था पर वर्तमान में औरंगाबाद जाने में 40-50 मिनट लगता है। सड़क टूटी और असहज होने के कारण इस पर हर दिन गंभीर दुर्घटना भी होते देखे जाते हैं। सड़क के दोनों किनारे की मिट्टी वर्षा में बह चुकी है जिस कारण आने जाने वाले लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

देखा जाए तो पिछले तीन चार साल से नेता और पदाधिकारी एन एच 139 सड़क पर बयान देकर अपने आप को सजग होने का प्रमाण जनता तक पहुंचाते हैं। इधर सड़क टूटी होने से लोगों को असहज कठिनाई से गुजरना पड़ रहा है। जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा जनता को बरगलाने का सिलसिला जारी है। कभी बाईपास निकाला जाता है तो कभी एलिवेटेड रोड की बात होती है। जनता को उपरोक्त बातें सुनते सुनते कान पक गए हैं परन्तु सड़क निर्माण व चौड़ीकरण के लिए कोई कार्य नहीं कराया जा रहा है।
सड़क जिस तरह चीथड़ों में तब्दील हुई है और सड़क पर असंख्य वाहन परिचालन के कारण इसका निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण आवश्यक प्रतीत होता है। हर दिन सड़क से 15 से 20 हजार लोडेड हैवी वाहन का परिचालन होता है। इन सब के वावजूद विभागीय अधिकारी इसकी अनदेखी करते आ रहे हैं। स्थानीय जनता जनप्रतिनिधियों की आना कानी एवं विभागीय अधिकारियों की लापरवाही पर आक्रोशित हैं।
जून माह से बरसात का आगमन हो जाएगा ऐसी स्थिति में सड़क और खराब हो जाएगी। बरसात पूर्व सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया तो चलने लायक न रहेगी सड़क।
बताते हैं अधिकारी
इस संबंध में जब एनएच के सहायक अभियंता तुलसी प्रसाद से पूछा तो उन्होंने बताया कि एक बार फिर डीपीआर बना कर भेजा गया है। सनद रहे कि इसके पूर्व भी सात बार एंलायमेंट राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेजा गया परन्तु असर शिफर रहा। स्थानीय जनता की मांग है कि तत्काल उक्त सड़क के दोनों किनारों का चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण अविलंब कराया जाय। इससे सड़क पर आवागमन सुलभ हो सकेगा।