अपनी योग्यता और सक्रियता के आधार पर प्रखंड, जिला और प्रदेश स्तर के पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे कार्यकर्ता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बिहार इकाई ने संगठन को वैचारिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत ‘बीपीसीसी ऐप’ लॉन्च किया है। इस पहल का मकसद राज्यभर के नए और पुराने कार्यकर्ताओं को एक साझा मंच पर जोड़कर संगठन की ताकत को बढ़ाना है।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन प्रभारी सत्येंद्र नारायण ने बताया कि इस अभियान के तहत औरंगाबाद जिले में ‘संगठन सृजन साथी’ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से उन समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी पद पर नहीं पहुंच सके हैं। अब कार्यकर्ता अपनी योग्यता और सक्रियता के आधार पर प्रखंड, जिला और प्रदेश स्तर के पदों के लिए सीधे आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह ऐप केवल डेटा संग्रह का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म से आपसी संवाद बेहतर होगा और संगठनात्मक कमियों को दूर करने में मदद मिलेगी। ऐप की निगरानी राष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद शंकर सिंह ने इसे डिजिटल युग में संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम और प्रभावी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और बूथ स्तर तक संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रेस वार्ता में अरविंद शर्मा, शैलेंद्र दुबे, राकेश कुमार सिंह पप्पू, चुलबुल सिंह, मृत्युंजय सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह, प्रदीप सिंह, अजय कुमार सिंह, सूरज राय, संजीव कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, रवि कुमार, गायत्री देवी, देवंती देवी, मिथिलेश शर्मा, नवीन कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।