औरंगाबाद पुलिस केंद्र में 411 नवनियुक्त सिपाहियों का भव्य पासिंग आउट परेड सम्पन्न
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद पुलिस केंद्र में शुक्रवार को नवनियुक्त 411 प्रशिक्षु सिपाहियों का भव्य पासिंग आउट परेड समारोह आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की कठिन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद प्रशिक्षु सिपाहियों ने शानदार परेड प्रदर्शन कर अपनी दक्षता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। समारोह के मुख्य अतिथि मगध क्षेत्र, गया के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव रहे, जिन्होंने परेड का निरीक्षण कर जवानों की सलामी ली।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने नव नियुक्त जवानों से ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। आईजी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून लागू करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक सह प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य ने कहा कि बिहार पुलिस में विज्ञापन संख्या-01/2023 के तहत चयनित कुल 21,391 सिपाहियों को राज्य के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों एवं वाहिनियों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में पटना जिला बल के 411 प्रशिक्षु सिपाहियों को औरंगाबाद स्थित पुलिस केंद्र के बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान सिपाहियों को पुलिसिंग के आंतरिक एवं बाह्य विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें नए आपराधिक कानूनों, पुलिस मैनुअल, पुलिस संगठन, बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली तथा लघु अधिनियमों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही शस्त्र प्रशिक्षण, परेड एवं ड्रिल के माध्यम से उनकी शारीरिक क्षमता और कार्यकुशलता का विकास किया गया।
आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन, कंप्यूटर संचालन, फॉरेंसिक विज्ञान तथा डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बदलते दौर में तकनीकी दक्षता और संवेदनशील पुलिसिंग की आवश्यकता को देखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को आधुनिक स्वरूप दिया गया है।
समारोह में पुलिस अधिकारियों, प्रशिक्षकों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षु सिपाहियों के परिजनों की उपस्थिति रही। पासिंग आउट परेड के साथ ही सभी 411 प्रशिक्षु सिपाही बिहार पुलिस बल में सेवा देने के लिए तैयार हो गए हैं।
सेवा, सुरक्षा और समर्पण के मूल मंत्र के साथ प्रशिक्षित ये जवान अब राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।