नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम के पास पुलिस ने छापेमारी कर 2.7 किलो अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे उक्त अफीम को पंजाब के लुधियाना ले जाने वाले थे। पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिल, एक छः चक्का गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम क्रमशः — 1. संदीप कुमार (गिद्धौर, चतरा), 2. मो० जाहिद आलम (गिद्धौर, चतरा, वर्तमान पता राँची), 3. मो० सहजाद उर्फ सोनू (चतरा, वर्तमान पता राँची) एवं 4. मंजीत सिंह (लुधियाना, पंजाब) शामिल हैं। इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापामारी की। टीम में पेलावल अंचल निरीक्षक शाहिद रजा, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को ध्यान में रखते हुए जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान और अधिक तेज किया गया है। हजारीबाग पुलिस का यह सख्त रवैया नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को नई दिशा दे रहा है।