नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। विश्व फिजियोथैरेपी दिवस के अवसर पर गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण इंस्टीट्यूट आफ पैरामेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के तत्वावधान में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पहले दिन फिजियोथेरेपी के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड में छात्रों को फीजियोथेरेपी के बारे में विशेष रूप से अवगत कराया गया तथा वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर फिजियोथैरेपी की आवश्यकता एवं अनिवार्यता पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में आज देव मंगल सभागार में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा गणेश वंदना की गई। तत्पश्चात् विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर जगदीश सिंह, कुलसचिव प्रो डॉ कुमार आलोक प्रताप, सहायक कुल सचिव मिथिलेश कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह एवं छात्र कल्याण डीन डॉक्टर आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी आगत अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत करने के बाद संकाय के डीन डॉ नीरज कुमार ने विश्व फीजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, अन्य संकायाध्यक्ष,शिक्षकों एवं छात्रों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम की महता पर प्रकाश डाला।
प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह ने फीजियोथेरेपी की महता पर अपने संबोधन में कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में यह हर घर की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय इस विधा को उन्नत करने हेतु हर संभव प्रयास कर रहा है। कुलपति डॉ जगदीश सिंह ने छात्रों को लगन और मेहनत से पढ़ने व समझने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एक अच्छे फीजियोथेरेपी जानने वाले को आज बहुत सारे अवसर मिल रहे हैं जिसके बल पर काफी धन और शोहरत कमाया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ अवनीश रंजन, डा आशुतोष द्विवेदी, डा एच के सिंह, डा एस के सिंह आदि भी उपस्थित रहे।