नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। शहर के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को PNG से जोड़ा जा रहा है।
PNG किफायती, सुविधाजनक एवं अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन विकल्प है। उपलब्ध तुलना के अनुसार PNG, LPG की तुलना में 20 प्रतिशत से अधिक सस्ता पड़ता है। साथ ही, इसमें सिलेंडर की बार-बार बुकिंग, डिलीवरी और सिलेंडर बदलने का झंझट नहीं रहता। पाइपलाइन के माध्यम से गैस की निरंतर आपूर्ति होने के कारण उपभोक्ताओं को गैस खत्म होने अथवा नया सिलेंडर मंगाने की चिंता नहीं रहती।
सुरक्षा की दृष्टि से भी PNG एक उपयोगी विकल्प है। प्राकृतिक गैस हवा से हल्की होती है, इसलिए रिसाव की स्थिति में यह ऊपर की ओर चली जाती है। इसके कारण गैस के निचले हिस्से में एकत्रित होने से जुड़े जोखिम LPG की तुलना में कम होते हैं। हालांकि, किसी भी गैस के उपयोग में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं सावधानियों का पालन आवश्यक है।
पर्यावरण की दृष्टि से भी PNG एक अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन है। इसके उपयोग से कार्बन एवं अन्य प्रदूषक उत्सर्जन कम करने में सहायता मिलती है। इस प्रकार PNG का विस्तार नागरिकों को सुविधा और आर्थिक बचत के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
दिनांक 18 मार्च 2026 तक कुल 1,427 चालू PNG कनेक्शन थे, जो बढ़कर 27 सितंबर 2026 तक 2,091 चालू कनेक्शन हो गए हैं। इस अवधि में कुल 664 नए PNG कनेक्शन चालू किए गए हैं। वर्तमान में जिले में 10 व्यावसायिक PNG कनेक्शन भी चालू हैं।
वर्तमान में PNG की सुविधा/कार्य रामराज्य नगर, श्री कृष्ण नगर, PHED कॉलोनी, सत्येंद्र नगर, नगा बिगहा, पिपरडीह, गांधी नगर, मिनी बिगहा, न्यू एरिया, पटेल कॉलोनी, ब्लॉक मोड़ एवं जय माँ कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध/विस्तारित की जा रही है।
विशेष रूप से पटेल कॉलोनी में लगातार PNG कनेक्शन का विस्तार किया जा रहा है। कॉलोनी के अधिक से अधिक घरों को PNG से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र LPG पर निर्भरता से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वर्तमान में PNG से जुड़े प्रमुख व्यावसायिक उपभोक्ताओं में मधुपर्क, शाश्वत रेस्टोरेंट, शुभकान, शुभकान फैक्ट्री, होटल बीकानेर एक्सप्रेस, होटल यूएस रेजिडेंसी, हर्षा किचन, होटल सरस्वती इन, होटल स्काई व्यू एवं डोमिनोज शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त द रूफ टॉप रेस्टोरेंट, होटल इम्पीरियल, होटल आदित्यान, काशी स्वीट्स, जितेंद्र लस्सी भंडार, श्री साई रिसॉर्ट्स, हवेली रिसॉर्ट्स एवं हवेली रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी PNG से जोड़ने की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है।
नागरिक PNG कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए [mypng.gov.in](https://mypng.gov.in/) पोर्टल पर जाकर आवेदन किया जा सकता है।
PNG से संबंधित किसी भी आपातकालीन स्थिति अथवा सहायता के लिए नागरिक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर: 9835954995 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, PNG कनेक्शन के लिए इच्छुक नागरिक अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय एवं नगर निकाय कार्यालय से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि वे सुविधाजनक, निरंतर आपूर्ति वाले, किफायती एवं अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन विकल्प के रूप में PNG को अपनाने की दिशा में आगे आएँ और औरंगाबाद को स्वच्छ एवं आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था की ओर ले जाने में सहभागी बनें।