पुलिस अधिकारियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों की समस्याएं सुनकर समाधान का दिया भरोसा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पलामू। मेदिनीनगर स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर सलामी देकर की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में डीआईजी किशोर कौशल, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, डीएसपी राजेश यादव, चिरंजीवी मंडल सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

इस मौके पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करने का अवसर है। शहीद जवानों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनके परिजनों की देखभाल और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति पुलिस विभाग भी प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।