नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज प्रातः5.15 बजे जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल के नेतृत्व में मंडल कारा, औरंगाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लाइन डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित अन्य 230 पुलिस बल उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडल कारा के सभी पुरुष एवं महिला वार्डों, रसोईघर, कारा अस्पताल तथा पूरे जेल परिसर का सघन एवं विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन आकलन किया गया।

तलाशी अभियान के क्रम में सभी वार्डों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कुछ आपत्तिजनक सामग्री जैसे 1 पिलास, 2 पेचकस, लोहे का छोटा टुकड़ा, खाली चुनौटी, टीन का टुकड़ा बरामद किए गए। बरामद सामग्री को तत्काल जब्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। यह निरीक्षण 6.25 बजे समाप्त हुई।

निरीक्षण के क्रम में मंडल करा अधीक्षक दीपक कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक संजीव कुमार, कक्षपाल उपस्थित रहे एवं जांच में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कारा प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, नियमित रूप से सघन तलाशी अभियान चलाने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही बंदियों के लिए स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मंडल कारा, औरंगाबाद में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन हो।