नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के चर्चित जुनैद हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की। नगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत गुरुवार को ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपियों के घरों पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई पूरी की।
पुलिस के अनुसार फरार अभियुक्तों की पहचान मो. गालिब, मो. दानिश तथा मो. सैफ उर्फ मैडी के रूप में हुई है। तीनों नावाडीह के निवासी हैं और लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। इसके बावजूद तीन मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार आरोपियों को आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया जा रहा है। यदि वे जल्द सामने नहीं आते हैं तो उनके विरुद्ध आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जुनैद हत्याकांड औरंगाबाद जिले के चर्चित मामलों में शामिल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।