नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुलिस सेवा में लंबे समय से कर्तव्य, अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभा रहे 28 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) के लिए बुधवार का दिन खास रहा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित पिपिंग समारोह में 28 एएसआई को अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर पदोन्नति दी गई। समारोह के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने नवपदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधे पर एसआई का स्टार लगाकर उन्हें बधाई दी और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती और थाना पर्यवेक्षक अरविंद साहनी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पदोन्नति पाने वाले पुलिस पदाधिकारियों में मसौढ़ी, धनरुआ सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों में पदस्थापित पुलिसकर्मी शामिल हैं। पिपिंग सेरेमनी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों के चेहरे पर पदोन्नति की खुशी साफ नजर आई।
डीएसपी राघव दयाल ने नवपदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों को उनकी सेवा के आधार पर यह पदोन्नति मिली है। उन्होंने कहा कि एसआई के रूप में अब सभी अधिकारी अनुसंधान अधिकारी (आईओ) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे। आने वाले समय में इनमें से कई अधिकारियों को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।
उन्होंने नवपदोन्नत अधिकारियों से आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और मामलों के अनुसंधान में तकनीकी जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों को न्याय दिलाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
डीएसपी ने सभी नवपदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों से नई जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने को कहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारी पर खरा उतरते हुए बेहतर पुलिसिंग करेंगे और विभाग का नाम रोशन करेंगे। पिपिंग समारोह के बाद नवपदोन्नत अधिकारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया।