नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नवबिहार टाइम्स के 37वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजन ममता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक अंकित राज को आज प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्थान द्वारा गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और समाज के प्रति योगदान के लिए नबिटा के निदेशक कौस्तुभ किशोर ने प्रदान किया।
राजन ममता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस पिछले कई वर्षों से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। संस्थान में फार्मेसी, नर्सिंग, मैनेजमेंट, सूचना प्रौद्योगिकी तथा पत्रकारिता सहित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यहां आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों, अनुभवी शिक्षकों एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर करियर के लिए तैयार किया जाता है।
संस्थान के निदेशक अंकित राज ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि यह सम्मान पूरे संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राजन ममता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने योग्य बनाना है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्थान शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों को रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।