डुमरी पुल के पास अचानक बाइक गिरने के बाद हुए अचेत, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया एनएच-22 पर पुनपुन थाना क्षेत्र के डुमरी पुल के पास रविवार को बाइक सवार एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गया के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के देसीन बीघा निवासी महानंद राम (पिता स्व. केदार चर्मकार) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि महानंद राम किसी काम से कुरथौल गए थे और वहां से बाइक से अपने घर गया लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरी पुल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद वह अचेत अवस्था में सड़क पर पड़े मिले।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल पुनपुन पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुनपुन थानाध्यक्ष बमबम कुमार ने बताया कि बाइक सवार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही किसी प्रकार की ब्लीडिंग हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।