नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिलाधिकारी श्रीकान्त शास्त्री के कुशल नेतृत्व, प्रभावी निगरानी एवं सतत मार्गदर्शन में औरंगाबाद जिले ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा जून माह में जारी की गई राजस्व कार्यों पर आधारित जिला स्तरीय रैंकिंग में औरंगाबाद ने राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का परिचय दिया है।
इस रैंकिंग का निर्धारण विभिन्न प्रमुख राजस्व मापदंडों जैसे कि दाखिल-खारिज निपटान की गति, लगान वसूली, भूमि परिक्रमा (सीमांकन), डिजिटल रजिस्टर-II का अद्यतन, भू-लेखों का डिजिटाइजेशन, भूमि विवादों के निष्पादन, ई-लाभार्थी योजनाओं का क्रियान्वयन, एवं ऑनलाइन सेवाओं की दक्षता के आधार पर किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में औरंगाबाद जिला ने निरंतर प्रगति की है और अपने कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और जनहितैषी ढंग से संपादित किया है।
इस सफलता के पीछे जिलाधिकारी श्रीकान्त शास्त्री द्वारा की गई निरंतर समीक्षात्मक बैठकें, प्रतिदिन के लक्ष्यों की मॉनिटरिंग, अधिकारियों की जवाबदेही तय करना, एवं फील्ड विज़िट जैसी व्यवस्थाओं की बड़ी भूमिका रही है। जिला प्रशासन ने न सिर्फ राजस्व से जुड़े कार्यों को तेज किया, बल्कि इनसे जुड़ी जन समस्याओं का त्वरित निवारण करते हुए आम जनता का भरोसा भी मजबूत किया है। इस रैंकिंग में स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि जिले में भूमि एवं राजस्व सुधार संबंधित कार्यों को पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ लिया जा रहा है। जिले में ई-म्यूटेशन, ऑनलाइन लगान भुगतान, प्रमाण-पत्र निर्गमन, एवं भू-अर्जन कार्यों को भी गति प्रदान की गई है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शास्त्री ने जिले के सभी अंचलाधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों, आईटी सहायकों एवं भूमि सुधार संबंधी कार्यों में संलग्न सभी कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “यह रैंकिंग जिले के मेहनती कर्मियों की लगन का परिणाम है। हमें इसी ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए अगले महीनों में और बेहतर प्रदर्शन कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना है। हमारा उद्देश्य सिर्फ रैंकिंग नहीं, बल्कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवा देना है।”
उल्लेखनीय है कि औरंगाबाद जिला पहले भी कई बार प्रशासनिक क्षेत्रों में राज्य स्तर पर सम्मानित होता रहा है, और यह नवीनतम रैंकिंग इस श्रृंखला में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है।