पीवीयूएनएल पतरातु में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पतरातु (रामगढ़)। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पीवीयूएनएल पतरातु के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ए.के. सहगल (मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीवीयूएनएल), विशिष्ट अतिथि मनोज अगरिया (प्रदेश अध्यक्ष, झारखंड आदिम जनजाति विकास समिति), रेनू सहगल (अध्यक्ष, स्वर्णरेखा महिला समिति) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर कस्तूरबा विद्यालय, पतरातु की 35 छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए बाबा साहेब के जीवन एवं विचारों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में विशिष्ट अतिथि मनोज अगरिया ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं मुख्य अतिथि ए.के. सहगल ने बाबा साहेब से प्रेरणा लेकर समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
रेनू सहगल ने अपने संबोधन में बाबा साहेब द्वारा स्थापित समानता के अधिकार एवं महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए छात्राओं को शिक्षा पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को अपर महाप्रबंधक विवेकानंद, उप महाप्रबंधक अनमोल खलखो एवं राजेश डूंगडूंग ने भी संबोधित करते हुए बाबा साहेब के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, मानव संसाधन प्रमुख, विभागाध्यक्ष एवं स्वर्णरेखा महिला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कस्तूरबा विद्यालय पतरातु की सभी 35 छात्राओं को स्कूल बैग एवं स्टडी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।