नालंदा में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बिहारशरीफ। नालंदा जिले के बेन प्रखंड अंतर्गत गुरुशरणपुर गांव में ग्रामीण विकास व सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री श्रवण कुमार ने सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल (आदर्श विद्यालय) का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, अभिभावक, विद्यालय परिवार एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। मॉडल स्कूल की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों की तरह उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।
मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार कार्य कर रही है विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास, स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल शिक्षण, प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे और वह अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर राज्य एवं देश का नाम रोशन करे।

उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया। मॉडल विद्यालय के उद्घाटन के बाद छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कक्षाओं और शैक्षणिक माहौल को लेकर खुशी व्यक्त की।
अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।