विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत, स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का दिया संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन स्वायत्तशासी संस्था होटल प्रबंधन संस्थान, हाजीपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, हाजीपुर के सहयोग से विद्यार्थियों के बीच नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन ब्रह्माकुमारी हाजीपुर की बी.के. रूबी एवं होटल प्रबंधन संस्थान के प्राचार्य पुलक मंडल ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकारों तथा इसके सेवन से होने वाले नुकसान की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक विकास, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों को भी प्रभावित करती है।

कार्यक्रम में ऑडियो-वीडियो माध्यम से नशे के विभिन्न रूपों और इसके दुष्परिणामों से संबंधित जागरूकता सामग्री प्रस्तुत की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थी, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम एवं बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के वरीय व्याख्याता अमित कुमार एवं व्याख्याता नीरज कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सक्रिय सहयोग एवं समन्वय से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
संस्थान की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें सामाजिक रूप से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक और प्रेरित करने का प्रयास जारी रहेगा।