नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मेदिनीनगर। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित जेएमपी परिसर में रविवार की देर रात बड़ी वारदात हुई। परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड विनोद पांडे (50) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सिर में लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी से एक युवक परिसर में पहुंचा और बाद में अपने दो अन्य साथियों को बुलाया। दोनों युवक कार से पहुंचे। तीनों पूरे परिसर में घूमते रहे, फिर गार्ड विनोद को उठाकर गेट के पास ले गए और करीब से गोली मार दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान और तलाश में छापेमारी जारी है। जिस भवन में वारदात हुई उसके सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हुई है।
फिलहाल हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया गया है। गार्ड विनोद पांडे पड़वा थाना क्षेत्र के रजहरा निवासी जंगी पांडेय के पुत्र थे। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
जिले के एसपी कपिल चौधरी ने सोमवार सुबह 9 बजे घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।