- नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। देवघर डीसी ने बाबा मंदिर परिसर में नवनिर्मित फुट ओवर ब्रिज का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस नए फुट ओवर ब्रिज के चालू होने से श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन और जलार्पण की व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष रूप से रविवार और सोमवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे समय में नया फुट ओवर ब्रिज भीड़ के दबाव को कम करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज आवाजाही उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि नया फुट ओवर ब्रिज पुराने फुट ओवर ब्रिज के समानांतर संचालित होगा, जिससे दोनों पुलों के माध्यम से श्रद्धालुओं का आवागमन बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।उद्घाटन के दौरान उप विकास आयुक्त आरक्षी अधीक्षक, एसडीओ सह मंदिर प्रभारी, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष महामंत्री उपाध्यक्ष मंत्री सहित बड़ी संख्या में पुरोहित समाज के सदस्य एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने विश्वास जताया कि नई व्यवस्था से इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को पहले से अधिक सुविधा और सुरक्षित दर्शन-पूजन का लाभ मिलेगा।