नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार, पटना के निदेशानुसार अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल 2026) के अवसर पर आज औरंगाबाद जिला अन्तर्गत संचालित श्री सीमेंट फैक्ट्री, जसोईया में बिहार अग्निशमन सेवा, औरंगाबाद एवं उद्योग विभाग, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक क्षेत्रों में संभावित अग्निकांड से बचाव एवं त्वरित नियंत्रण हेतु एक व्यापक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।
इस मॉकड्रिल के दौरान अग्निकांड की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया। साथ ही फैक्ट्री कर्मियों एवं उपस्थित श्रमिकों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, अग्निशमन यंत्रों के उपयोग तथा आपदा के समय संयम बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
उक्त अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, औरंगाबाद प्रभा कुमारी, महाप्रबंधक, उद्योग विभाग, औरंगाबाद, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी लालकेश्वर प्रसाद, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी, औरंगाबाद रामाकांत सिंह, प्रधान अग्निक भृगृशंकर रजक, अग्निक चालक सुजीत कुमार, अग्निक चालक मंजीत कुमार पाण्डेय, अग्निक अमिषा कुमारी सहित श्री सिमेंट फैक्ट्री के पदाधिकारी एवं मजदूरगण उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, अग्निशामालय दाउदनगर के अंतर्गत ग्राम शमशेर नगर (वार्ड संख्या-09) एवं ग्राम भगवान विगहा (वार्ड संख्या-01) में भी जनप्रतिनिधियों एवं जीविका दीदियों की सहभागिता के साथ मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आपदा की स्थिति में तत्परता से कार्य करने हेतु प्रशिक्षित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि सभी नागरिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा को सूचित करें, जिससे जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।