नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद/गया। गर्मी की छुट्टियों के बाद महाविद्यालयों में शुरू हुए शैक्षणिक कार्यों का जायजा लेने के लिए मगध विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. (डॉ.) दिलीप कुमार केशरी ने मंगलवार को विभिन्न कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मगध विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले एस. सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद, किशोरी सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद तथा एस.एम.एस.जी. कॉलेज, शेरघाटी का दौरा कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कक्षा संचालन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की मौजूदगी तथा परिसर की समग्र व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

किशोरी सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद में निरीक्षण के दौरान कुलपति ने शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन एवं अनुशासन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि नियमित पठन-पाठन और शैक्षणिक अनुशासन किसी भी संस्थान की पहचान होते हैं।
वहीं एस.एम.एस.जी. कॉलेज, शेरघाटी में कुछ शिक्षकों की अनुपस्थिति पाए जाने पर कुलपति ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित प्रशासन को शिक्षकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हितों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के बाद नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं, ऐसे में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी प्राचार्यों को कक्षाओं के नियमित संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समय-समय पर महाविद्यालयों का निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर कुलानुशासक प्रो. के डी पी वर्मा सहित संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।