नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, 22 जून को जब तेज प्रताप यादव ने अपने कमरे की अलमारी की जांच की तो उसमें रखे लगभग 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप तथा चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन गायब मिले। तेज प्रताप यादव का दावा है कि चोरी हुई नकदी पार्टी फंड की राशि थी।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि इस घटना को उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने अंजाम दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे दो लोगों ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ आवास परिसर की बाउंड्री फांदकर बाहर जाते हुए देखा था। इन दोनों व्यक्तियों को शिकायत में प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया गया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आवेदन में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज प्रताप यादव ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर त्वरित जांच, आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए नकद एवं अन्य सामान की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।